Breaking
Sat. May 9th, 2026

कार्बन नियंत्रण और एआई पर टाटा स्टील तैयार, चीन से है सीधी प्रतिस्पर्धा : टी. वी. नरेंद्रन

जमशेदपुर। नववर्ष के मौके पर टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने स्पष्ट किया कि कंपनी कार्बन उत्सर्जन नियंत्रण के नए सरकारी नियमों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को लेकर पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में टाटा स्टील की सीधी प्रतिस्पर्धा चीन से है, लेकिन गुणवत्ता, तकनीक और विस्तार के जरिए कंपनी अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखेगी। इसी अवसर पर टाटा स्टील परिसर में केक काटकर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं।

गुरुवार को आयोजित नववर्ष कार्यक्रम में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन और पूर्व उप प्रबंध निदेशक डॉ. टी. मुखर्जी ने केक काटकर कर्मचारियों और शहरवासियों को नए साल की बधाई दी। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में टी. वी. नरेंद्रन ने कहा कि भारत सरकार द्वारा कार्बन उत्सर्जन को सीमित करने के लिए जारी किए गए नोटिफिकेशन उद्योग के भविष्य के लिए सकारात्मक हैं। उन्होंने बताया कि यूरोप में इस तरह के नियम पहले से लागू हैं और अब भारत में इन्हें लागू किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उद्योग को भी नई दिशा मिलेगी।

टी. वी. नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सक्रिय रूप से उपयोग कर रही है और इस क्षेत्र में लगातार निवेश किया जा रहा है। एआई के जरिए उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और संचालन को अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि टाटा स्टील ने जिन कंपनियों को अपने अधीन लिया है, उनके विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि समूह की क्षमता और बाजार हिस्सेदारी मजबूत हो सके।

वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर बात करते हुए टी. वी. नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील की मुख्य प्रतिस्पर्धा चीन से है, जहां कम लागत पर स्टील का उत्पादन हो रहा है। इसी कारण चीन इस क्षेत्र में आगे है, लेकिन टाटा स्टील नवाचार, गुणवत्ता और टिकाऊ विकास के जरिए इस चुनौती का सामना कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाला वर्ष कंपनी के लिए कई नए कार्यों और योजनाओं का वर्ष होगा।

कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डी. बी. सुंदर रामम ने लीज से जुड़े मुद्दे पर कहा कि जब तक सरकार की ओर से कोई नया नोटिफिकेशन जारी नहीं होता, तब तक मौजूदा लीज को मान्य माना जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले एग्रीमेंट में जितना क्षेत्र लीज एरिया में शामिल था, इस बार भी वही क्षेत्र रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लीज एरिया से बाहर के क्षेत्रों में भी टाटा स्टील अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सड़क, बिजली और पानी जैसी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

Related Post