Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

सोनारी दोमुहानी में 5.18 करोड़ की लागत से बने पार्क का विधायक सरयू राय व सांसद बिद्युत वरण महतो ने किया संयुक्त उद्घाटन

जमशेदपुर। शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय एवं जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बिद्युत वरण महतो ने सोनारी दोमुहानी में पार्किंग सहित नव निर्मित पार्क का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस पार्क का निर्माण 5 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। इसके अलावा पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए विधायक सरयू राय ने अपनी विधायक निधि से लगभग 30 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि इस पार्क का निर्माण कार्य वर्ष 2017-18 में उनके जमशेदपुर पश्चिम से विधायक रहने के दौरान प्रारंभ हुआ था और लगभग पूर्ण होने की स्थिति में था। लेकिन वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उनके जमशेदपुर पूर्वी से विधायक चुने जाने के बाद यहां के तत्कालीन विधायक द्वारा इस पार्क पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण निर्माण कार्य वर्षों तक अधूरा पड़ा रहा। इस उपेक्षा के चलते पिछले पांच वर्षों में पार्क का क्षेत्र जंगल-झाड़ में तब्दील हो गया और कई ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए।

उन्होंने बताया कि पुनः जमशेदपुर पश्चिम से विधायक बनने के बाद उन्होंने जमशेदपुर अक्षेस का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया और जो भी ढांचे टूट-फूट गए थे, उन्हें अपनी विधायक निधि से मरम्मत कराकर दुरुस्त कराया। श्री राय ने कहा कि इस पार्क के निर्माण में 15वें वित्त आयोग की राशि के साथ-साथ उनकी विधायक निधि का भी योगदान रहा है।

विधायक सरयू राय ने कहा कि आज पार्क का लोकार्पण हो चुका है और यहां रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक फव्वारे तथा सुंदर वातावरण लोगों को सहज ही आकर्षित कर रहा है। लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी मिल पाएगा, जब इसका नियमित और बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में कई छोटे-बड़े पार्क बनाए गए हैं, लेकिन रख-रखाव के अभाव में वे धीरे-धीरे खराब हो जाते हैं और बाद में उनके सौंदर्यीकरण पर फिर से सरकारी धन खर्च करना पड़ता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि जुस्को की तर्ज पर जमशेदपुर अक्षेस को पार्क एंड गार्डन के लिए एक अलग विभाग का गठन करना चाहिए तथा इसके लिए वार्षिक बजट में समुचित प्रावधान किया जाना चाहिए। साथ ही पार्कों से राजस्व प्राप्त करने की भी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। यदि जमशेदपुर अक्षेस स्वयं पार्कों का रख-रखाव करने में सक्षम नहीं है, तो नियम-कानून के तहत किसी अन्य एजेंसी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उन्होंने कहा कि पार्क का उपयोग केवल टहलने और मनोरंजन तक सीमित न रहकर इसकी उपयोगिता बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जमशेदपुर पश्चिम के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, पश्चिम के सांसद प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा, जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सहायक एवं कनीय अभियंता, जदयू सोनारी मंडल अध्यक्ष चुन्नु भूमिज, भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, जदयू युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

Related Post