Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

चाईबासा के रितिक पाडेया ने थाईलैंड में रौशन किया झारखंड का नाम

चाईबासा: सदर प्रखंड के महुलसाई निवासी 19 वर्षीय रितिक पाडेया ने थाईलैंड में एमएमए (मिक्स मार्शल आर्ट) और म्यूए थाई प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम रोशन किया। रितिक विज्ञान सिंह पाडेया (पूर्व सैनिक) के पुत्र हैं।

थाईलैंड में आयोजित एमएफएन (मैट्रिक्स फाइट नाइट) प्रो प्रतियोगिता में रितिक ने चार मैचों में चारों में जीत दर्ज की। उनके इस प्रदर्शन के बाद उन्हें प्रो फाइट में शामिल किया गया। रितिक ने अपने तकनीकी कौशल के दम पर ईरान, कंबोडिया और थाईलैंड के प्रमुख फाइटरों को नॉकआउट कर जीत हासिल की।

राष्ट्रीय स्तर पर रितिक का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। वर्ष 2025 में मुंबई में हुई प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्ड मैडल जीता। कोलकाता में ब्रॉन्ज और झारखंड में फिर से गोल्ड मैडल से सम्मानित हुए। इसी बेहतर प्रदर्शन के कारण उन्हें थाईलैंड प्रो फाइट में चयन मिला।

रितिक पिछले चार-पाँच वर्षों से रांची में बॉक्सिंग और फाइटिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। वर्तमान में वह इंटर के प्रथम वर्ष के छात्र हैं। उनका सपना है कि वह भारत के लिए यूएफसी (अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप) में खेलें और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करें।

रितिक के थाईलैंड से घर लौटने पर चाईबासा के गणमान्य नागरिक उनके आवास पहुंचे और माला व बुके देकर स्वागत एवं सम्मानित किया। उनके माता-पिता विज्ञान सिंह पाडेया, राधिका पाडेया और बड़ी बहन अनामिका पाडेया भी खुशी से सराबोर हैं।

मां राधिका ने कहा, “मेरा आशीर्वाद बेटे के साथ है, यूएफसी से भी जीत हासिल करके जरूर लौटेगा।” उन्होंने आम लोगों से भी रितिक का मनोबल बढ़ाने और उन्हें आशीर्वाद देने की अपील की।

रितिक की इस उपलब्धि से न केवल चाईबासा, नामकुम बल्कि पूरे झारखंड और देश को गौरव मिला है। उनका समर्पण और कठिन परिश्रम आने वाले समय में और भी ऊँचाइयों तक झारखंड का नाम ले जाएगा।

Related Post