जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के आदेश पर जिले के कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह अवकाश 28 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा, जिसके दौरान सभी प्रकार के शैक्षणिक कार्य पूरी तरह स्थगित रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय केवल सरकारी विद्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बीते कुछ दिनों से जिले में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रह रहा है और सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे खासकर छोटे बच्चों और किशोर छात्रों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसी स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन यह फैसला लिया है।
प्रशासन का कहना है कि यह आदेश पूरी तरह जनहित में और छात्रों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से जारी किया गया है। ठंड के मौसम में बच्चों को घर से स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों और संभावित बीमारियों को रोकने के लिए यह कदम आवश्यक था।
साथ ही सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेश की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि अवकाश के दौरान बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाएं, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने दें और उनके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखें।
मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन शीतलहर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालात बिगड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।

