Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

स्वर्णरेखा नदी से बरामद अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी

ईचागढ़।सरायकेला-खरसावां जिला स्थित ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी से शनिवार की सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कारकीडीह गांव के समीप नदी में शव तैरते देख स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

सूचना मिलते ही ईचागढ़ एवं तिरुलडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद ईचागढ़ थाना की पुलिस ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह निवासी शशधर अहीर के रूप में की जा रही है, हालांकि पुलिस स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र, दस्तावेज या ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त तत्काल की जा सके।

थाना प्रभारी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक की पहचान या उससे जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह तुरंत ईचागढ़ थाना को सूचित करे। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Post