Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

आदित्यपुर के जंगल में दफन अज्ञात शव मिलने से हड़कंप, हत्या कर पहचान मिटाने की आशंका

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायणपुर जंगल में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने मिट्टी में दफन एक अज्ञात व्यक्ति का शव देखा। जंगल की ओर गए कुछ स्थानीय लोगों की नजर जमीन से बाहर निकले मृतक के पैरों पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल शव को गड्ढे से बाहर नहीं निकाला है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव पूरी तरह मिट्टी में दबा हुआ है और उसे मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ही बाहर निकाला जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट की मांग की गई है।

घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान पुलिस को तालाब की ओर जाने वाले रास्ते पर खून के धब्बे, एक टोपी और कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं। मौके से एक अधजला आधार कार्ड और एक बैंक पासबुक भी बरामद हुई है। आधार कार्ड पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो का पता दर्ज है, जबकि बैंक पासबुक में जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र का पता अंकित है। दस्तावेजों के आंशिक रूप से जले होने से पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद मृतक की पहचान छिपाने का प्रयास किया गया है।

फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। शव बाहर निकलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की सच्चाई का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है।

Related Post