जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत हड्डी गोदाम एक नंबर रोड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बड़े मिक्सर वाहन के गुजरने के दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में जोरदार शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ और आग लग गई। इस घटना में आसपास के कई घरों में लगे टीवी, फ्रिज, पंखा, इन्वर्टर समेत अन्य विद्युत व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज आवाज और चिंगारी के साथ लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि मिक्सर मशीन सड़क से गुजर रही थी और उसके ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार उससे टकरा गए थे। तारों में शॉर्ट सर्किट होते ही ट्रांसफार्मर फट गया, जिससे इलाके में कुछ देर तक धुआं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मिक्सर वाहन को मौके पर ही रोक लिया और चालक को बंधक बना लिया। लोगों का कहना है कि इस हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और जब तक नुकसान की भरपाई का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वाहन और चालक को नहीं छोड़ा जाएगा। पीड़ितों ने मांग की है कि वाहन मालिक और संबंधित विभाग उनकी क्षति की भरपाई करें।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त मार्ग पर बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर पहले से ही प्रतिबंध है, इसके बावजूद मिक्सर वाहन कैसे इस क्षेत्र में पहुंचा, यह गंभीर सवाल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही भारी वाहन इस संकरी सड़क में घुसे, जिससे यह दुर्घटना हुई। ऐसे में इस मामले में पुलिस की भी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही थी। वहीं बिजली विभाग को भी सूचना दी गई है ताकि क्षतिग्रस्त तारों और ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। स्थानीय लोग पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

