Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

जुबिली पार्क के पास दिनदहाड़े मोबाइल छिनतई, आरोपी को लोगों ने पकड़कर पीटा

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के जुबिली पार्क गेट नंबर-1 के पास गुरुवार को दिनदहाड़े हुई मोबाइल छिनतई की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पार्क के समीप सड़क किनारे चाय पी रही एक युवती से अचानक मोबाइल झपटकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती जुबिली पार्क के पास स्थित एक दुकान पर चाय पी रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार होने लगा। घटना इतनी अचानक हुई कि युवती कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गई, लेकिन जैसे ही उसने शोर मचाया, आसपास मौजूद लोग तुरंत हरकत में आ गए। लोगों ने आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़कर काबू में कर लिया।

आरोपी को पकड़ने के बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर ही उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से आरोपी को छुड़ाते हुए थाना ले गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह अकेले इस तरह की वारदात करता है या किसी गिरोह के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देता है।

दिनदहाड़े जुबिली पार्क जैसे संवेदनशील और जिला मुख्यालय के नजदीकी इलाके में हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क और उसके आसपास पुलिस गश्त काफी कम हो गई है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। लोगों के अनुसार शाम होते ही इलाके में संदिग्ध गतिविधियां बढ़ जाती हैं, लेकिन पुलिस की मौजूदगी नाममात्र की रहती है।

गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में दो दिन पहले चोरों ने करीब दर्जन भर दुकानों में सेंधमारी की थी।

Related Post