Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

बालीडीह में बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला — 10–12 हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर की मारपीट

बालीडीह में बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला

— 10–12 हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर की मारपीट, फरार आरोपी भोंदा कालिन्दी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

बोकारो। बालीडीह थाना क्षेत्र के कृष्णा बस्ती में बुजुर्ग माता- पिता पर हुए जघन्य हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज कांड में फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त भोंदा कालिन्दी उर्फ मोहन कालिन्दी को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 11 दिसंबर 2025 को आवेदक राजमणि यादव (पिता– बाबूराम यादव), निवासी रेलवे कॉलोनी, कृष्णा बस्ती, बड़का फिल्ड के समीप, थाना–बालीडीह द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना कांड संख्या 351/25 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में बताया गया कि घटना के दिन शाम करीब 6:30 बजे पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर 10–12 की संख्या में अभियुक्त हरवे हथियार से लैस होकर घर में घुस आए और उनके वृद्ध माता–पिता के साथ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही मुख्य अभियुक्त बबलु कालिन्दी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे दूसरे नामजद अभियुक्त भोंदा कालिन्दी उर्फ मोहन कालिन्दी को 19 दिसंबर 2025 को छापामारी दल ने दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी कृष्णा नगर डोमपाड़ा, थाना–बालीडीह का निवासी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उसे रेलवे स्टेशन के पास से धर दबोचा गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस सफल कार्रवाई में शामिल छापामारी दल में पुअनि चन्द्रदेव कुमार, सअनि नवीन कुमार, हवलदार जबरा मुंडू एवं आ०-503 लालदेव मोची शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

Related Post