जमशेदपुर। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिला में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2025-26 का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय झारखंड, जिला नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के खेल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में सिदगोड़ा टाउन हॉल, जमशेदपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिससे आयोजन की औपचारिक शुरुआत हुई।
इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के जिला खेल पदाधिकारी, संगीत नाटक अकादमी सरायकेला-खरसावां के तपन कुमार पटनायक, मेरा युवा भारत के जिला युवा पदाधिकारी मोंटू पातर तथा जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. कमल कुमार महतो बतौर अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को स्मरण करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवा उत्सव के दौरान सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रमंडल स्तर पर सफल प्रतिभागी राज्य स्तर पर तथा राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आज आयोजित प्रतियोगिताओं में सामूहिक लोक नृत्य में पी.डी.सी.जे. छऊ नृत्य ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सामूहिक लोकगीत में पटमदा डिग्री कॉलेज ने बाजी मारी। कविता लेखन प्रतियोगिता में जयकृष्णा धारा, चित्रकला में डी.ए.वी. बिष्टुपुर की वैभवी और भाषण प्रतियोगिता में लता मिश्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में मेरा युवा भारत (नेहरू युवा केंद्र) संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा जिला प्रशासन के खेल विभाग का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।

