Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

ऑपरेशन प्रहार के तहत सिदगोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो युवक ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रविवार देर रात बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से मादक पदार्थ, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बारीडीह वर्कस फ्लैट के आसपास कुछ युवक अवैध मादक पदार्थों का कारोबार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पुलिस की गाड़ी को देखकर दो युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागुनहातू निवासी टिंकु लाल साहु उर्फ टिंकु लाल (25 वर्ष) और संतोष बागती उर्फ तेल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान टिंकु लाल के पास से 23 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 3.33 ग्राम है, और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं संतोष बागती के पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर, वजन 1.53 ग्राम, एक मोबाइल फोन और बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड मिला।

मोटरसाइकिल के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह बाइक उन्होंने 30 नवंबर को बजरंग चौक से चोरी की थी। इस चोरी के मामले में सिदगोड़ा थाना में पहले से ही प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार टिंकु लाल साहु पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ सिदगोड़ा थाना में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बरामद सभी सामानों को विधिवत जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में डीएसपी मुख्यालय-01 भोला प्रसाद, सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। डीएसपी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post