Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

पिता ने तीन मासूम बेटियों को मारकर खुद लगा ली फांसी

बिहार। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के नवलपुर मिश्रौलिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके को हिलाकर रख दिया। एक पिता ने अपनी तीन छोटी बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस भयानक हादसे में अमरनाथ राम और उनकी 11 साल की राधा कुमारी, 9 साल की राधिका व 7 साल की शिवानी की जान चली गई।

बेटे बाल-बाल बचे, गांव में मचा कोहराम

अमरनाथ के दो बेटे शिवम और चंदन किसी तरह इस खौफनाक वारदात से बच निकले। एक परिवार में चार मौतों से गांव में सन्नाटा पसर गया। चीखें और विलाप की आवाजें गूंज रही हैं।

मृत पत्नी की साड़ी से फंदा, बेटे ने सुनाई भयावह रात

पुलिस पूछताछ में शिवम ने रोंगटे खड़े कर देने वाली पूरी कहानी बताई। रविवार रात परिवार ने एक साथ खाना खाया। सोमवार सुबह पिता ने सबको जगाया। मृत पत्नी की साड़ी से पांचों बच्चों के गले में फंदा डाला। ट्रंक पर चढ़ाकर कूदने को कहा और खुद भी लटक गए। तीन बेटियां झटके से कूदीं तो मौके पर दम तोड़ दिया। शिवम ने दर्द सहा, फंदा खोला, भाई चंदन को बचाया और मदद मांगी। पिता पत्नी की जनवरी में हुई मौत से सदमे में थे।

गरीबी और अवसाद ने लिया चारों की जान

परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार, पत्नी के निधन के बाद अमरनाथ मानसिक रूप से विक्षिप्त हो चुके थे। बेरोजगारी से परिवार आर्थिक संकट में डूबा था। सरकारी राशन पर ही निर्भर थे। इन विपत्तियों ने उन्हें यह काला कदम उठाने को मजबूर किया।

पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस जांच तेज

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों व परिजनों से गहन पूछताछ चल रही है। हर संभावित कारण की छानबीन हो रही है।

Related Post