Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

मेडोना काम्प्लेक्स के फ्लैट में लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा स्थित मेडोना काम्प्लेक्स के तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट में बीते दिन अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपए के जेवरात और कीमती सामान चुरा लिए। मकान मालिक प्रवीण गोयल और नवीन गोयल घर से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाज़े के ताले कटे हुए पाए और अंदर जाकर देखा तो पूरा घर बिखरा हुआ था।नवीन गोयल ने बताया कि जब उन्होंने दरवाज़े पर कटे हुए ताले देखे तो उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। अंदर प्रवेश करने पर बक्से, आलमारियों में रखे जेवरात के डिब्बे खुले हुए थे और सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचित किया और स्थानीय लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे फ्लैट की फोटोग्राफी की और बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।प्रारंभिक जांच में पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि चोरों को मकान खाली होने की पूर्व सूचना थी, जिससे उन्होंने चोरी को अंजाम दिया। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले एक रत्न दुकान में भी चोरी की घटना हुई थी, जिसमें छह घंटे के भीतर सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर को पकड़ लिया गया था। इस बार भी पुलिस पूरा प्रयास कर रही है ताकि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

Related Post