चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित सदर थाना क्षेत्र में पिछले दो महीनों से हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चाईबासा पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने सफल कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से टुंगरी स्थित शराब दुकान में हुई चोरी की नकदी भी बरामद की गई है।गिरफ्तार आरोपियों में सुमित लोहार उर्फ छुकालु (22 वर्ष), निवासी छोटा नीमडीह, थाना सदर; विकास दास (19 वर्ष), निवासी मेरी टोला, बान टोला, थाना सदर; तथा संदीप पान (23 वर्ष), निवासी मेरी टोला, थाना सदर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से क्रमशः 1600 रुपये, 700 रुपये, और 650 रुपये चोरी की नकदी बरामद की है।पुलिस के अनुसार ये तीनों आरोपी शहर के विभिन्न दुकानों और घरों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन आरोपियों पर पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सदर थाना कांड संख्या 48/2020 (धारा 457/380 IPC), सदर थाना कांड संख्या 134/2022 (धारा 461/379 IPC), तथा सदर थाना कांड संख्या 94/2020 (धारा 376/376(2)/376(D) IPC) शामिल हैं।गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।छापामारी दल में शामिल पुलिस अधिकारियों में तरुण कुमार (थाना प्रभारी, सदर थाना), पुअनि पंकज कुमार चौधरी, पुअनि सुनील कुमार चौधरी, पुअनि मेघनाथ मंडल, पुअनि केशव कुमार मेहता, सअनि जितु करमाली तथा सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

