Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

महिला कॉलेज चाईबासा के छात्रावासों पर अवैध कब्जे का मामला गरमाया, छात्र संघ ने उपायुक्त से की त्वरित कार्रवाई की मांग*

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के अंतर्गत महिला कॉलेज के दो छात्रावासों पर कथित रूप से एक निजी कौशल विकास संस्थान द्वारा अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोल्हान विश्वविद्यालय छात्र संघ के सचिव पिपुन बारीक ने जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

पिपुन बारीक ने कहा कि जिन छात्रावासों का निर्माण अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए किया गया था, उन पर निजी संस्थान संचालकों ने कब्जा कर प्रशिक्षण केंद्र चला रखा है, जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने इसे सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग बताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि वंचित वर्ग की बेटियों के अधिकारों से समझौता किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।

शिकायत पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि संविधान के अनुच्छेद 15(4), 21, 21A और 46 के तहत संरक्षित छात्राओं के अधिकारों का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि जो भवन SC/ST छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और आवास के लिए बनाए गए थे, उन्हें निजी मुनाफे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, जो मानवाधिकारों और समान अवसर के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बिना प्रशासनिक अनुमति के सरकारी भवन को निजी संस्थान को कैसे सौंप दिया गया।

छात्र संघ सचिव ने अपनी मांगों में कहा है कि दोनों छात्रावासों को 72 घंटे के भीतर खाली कराया जाए, अवैध कब्जा करने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई हो, छात्रावासों को उनके मूल उद्देश्य के अनुरूप छात्राओं के लिए पुनः बहाल किया जाए तथा पूरे प्रकरण की जांच कर निर्धारित समय में रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक शिकायत नहीं, बल्कि उन बेटियों की आवाज है जो अपने अधिकारों की उम्मीद प्रशासन से करती हैं। उन्होंने आशा जताई कि जिला प्रशासन इस मामले में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई करेगा।

Related Post