जमशेदपुर। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तहत कदमा मंडल ने मंगलवार को कदमा बाजार इलाके में आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ के संदेश को सीधे आम नागरिकों, दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और स्वदेशी उत्पादों को अपनाना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कदम है। ओझा ने बताया कि स्वदेशी उत्पाद खरीदना केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान है।
प्रदेश मंत्री नंद जी प्रसाद ने बताया कि विदेशी वस्तुओं पर अत्यधिक निर्भरता से देश की पूंजी बाहर जाती है, जबकि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से छोटे उद्योगों, किसानों, स्टार्टअप और कुटीर उद्योगों को मजबूती मिलती है। उन्होंने जनता से Vocal for Local अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि हर घर में स्वदेशी उपयोग की संस्कृति विकसित करना समय की आवश्यकता है।
अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर स्वदेशी उत्पादों के लाभ बताए और दुकानदारों से Made in India उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। स्थानीय लोगों ने भी इस मुहिम का स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि यह जन-जागरूकता अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी के महत्व को समझ सकें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अजीत सिंह, सुधांशु ओझा, नंद जी प्रसाद, ब्रह्म देव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, उज्ज्वल सिंह, रणजीत पंडित, संदीप पांडे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

