लखीसराय: नक्सल प्रभावित कजरा क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए नक्सलियों की संभावित साजिश को नाकाम कर दिया। शीतला–कोड़ासी गांव के घने जंगलों में एसएसबी जवानों और कजरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें नक्सल गतिविधियों से जुड़ी बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।
गोपनीय सूचना मिली थी कि नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इलाके में विस्फोटक सामग्री इकट्ठा कर रहे हैं। जानकारी के आधार पर कजरा थाना प्रभारी हर्षवर्धन कुमार के नेतृत्व में अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाकर रखी गई जिन सामग्रियों को बरामद किया, उनमें बम निर्माण में उपयोग होने वाले 14 पाइप, नक्सली वर्दी की तीन जोड़ी, एक छोटा चाकू-कटर, एक सिक्किम मस्कट राइफल और एक पुराना सिल्क मस्कट राइफल शामिल हैं।
बरामद सामान से स्पष्ट है कि नक्सली विस्फोटक वारदात की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते सुरक्षा बलों ने उनकी योजना को पूरी तरह विफल कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम करने के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। टीम ने आसपास के गांवों में भी छानबीन की और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की।
यह कार्रवाई नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों की बढ़ती सक्रियता और नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कीमत पर नक्सली हिंसा को फिर से पनपने नहीं दिया जाएगा।

