चाईबासा: आजाद स्पोर्टिंग क्लब कुईदबुसू (सोसोहातू) की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन की प्रतिनिधि रानी बांदिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने फाइनल मैच के बाद विजेता और उप-विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।
अपने संबोधन में रानी बांदिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभा की अपार संभावनाएं हैं। फुटबॉल जैसे खेल जहां शारीरिक फिटनेस बनाए रखते हैं, वहीं टीम भावना और अनुशासन भी सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा कि खेल युवाओं को नशामुक्त और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण के तहत महिलाओं के लिए भी अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव दिया। आयोजन के सफल संचालन के लिए उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों का आभार जताया।
प्रतियोगिता में बागुन बासा की टीम विजेता बनी, जबकि संकट मोचन उप-विजेता रहा। सारंडा क्लब डोंकासाई को तीसरा और एसएसटीएफसी को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन कौशल और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष कृष्णा बारी, सचिव रामाय बारी, कोषाध्यक्ष सिदीयु बारी, सदस्य बुधन सिंह देवगन, संजय बारी, पूर्व मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड मेंबर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित यह खेल प्रतियोगिता स्थानीय खेल प्रेमियों की उपस्थिति और उत्साह के कारण सफल रही। आयोजकों ने आगे भी ऐसे कार्यक्रम कराने की प्रतिबद्धता जताई।

