जमशेदपुर। बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के जे.एम.ए स्टोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में 12 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जो मामला पहले एक बाहरी चोरी जैसा लग रहा था, वह कंपनी के ही एक विश्वासपात्र कर्मचारी की करतूत निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए लगभग नौ लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है, जबकि शेष राशि की तलाश जारी है।आरोपी का नाम रवि रंजन (44) है।वह बिष्टूपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्ठा दर्जी लाइन का रहने वाला है। वह मूल निवास बिहार के भोजपुर जिला बभनौली का है।
यह चोरी 1 दिसंबर को कार्यालय परिसर में हुई थी। ऑफिस की अलमारी से बड़ी रकम गायब होने पर कंपनी प्रबंधन ने तत्काल बिस्टुपुर थाना को इसकी सूचना दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कर्मचारियों से की गई पूछताछ में एक कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं।
जांच के दायरे में आए उस कर्मचारी से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 8 लाख 91 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस अब शेष रकम को भी खोजने में जुटी है और आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है कि बाकी पैसे कहां छिपाए गए हैं या खर्च कर दिए गए हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को सुलझाया। आगे की जांच जारी है और शेष रकम बरामद करने के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

