Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

सफीगंज में 4 इंच पाइपलाइन कार्य ठप, संगठनों ने अधिशासी पदाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की

जमशेदपुर। जुगसलाई के सफीगंज क्षेत्र में लगभग 50 परिवारों को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2023 में अनुमोदित 4 इंच पाइपलाइन बिछाने का कार्य इन दिनों बाधित पड़ा हुआ है। काम रुक जाने के कारण स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है और क्षेत्र में जल संकट की स्थिति निर्मित हो गई है।

इसी समस्या को लेकर बुधवार को शहीद ठाकुर जी पाठक वेलफेयर सोसाइटी (झारखंड प्रदेश) एवं संघर्ष शांति समिति (झारखंड प्रदेश) के पदाधिकारियों ने बुधवार को जुगसलाई नगर पालिका के अधिशासी पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि जनता की मांग और आंदोलन के बाद नगर पालिका द्वारा इस कार्य को स्वीकृति देते हुए शुरुआत भी कर दी गई थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से कुछ लोगों द्वारा बाधा डालकर पाइपलाइन कार्य को रुकवा दिया गया है, जिससे आमजन के हित में चल रहा विकास कार्य अधर में लटक गया है।

संगठनों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि इस कार्य में अवरोध पैदा होना न केवल पेयजल संकट को बढ़ा रहा है, बल्कि क्षेत्र में असंतोष भी पनप रहा है। इसलिए नगर पालिका प्रशासन तत्काल कदम उठाते हुए बाधित कार्य को फिर से शुरू कराए और यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में किसी भी तरह की बाहरी दखलंदाजी से विकास योजनाओं पर असर न पड़े। साथ ही पाइपलाइन योजना की स्थिति और पूर्ण होने की समय-सीमा भी स्पष्ट रूप से सार्वजनिक की जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के अध्यक्ष सूर्या पाठक, सचिव चंद्रा पाठक के साथ प्रह्लाद, अभिनव, अंकित एस, आकांक्षा कुमारी, ममता उपाध्याय, संतोष, पवन, अभिषेक, बिरेंद्र एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। संगठनों ने उम्मीद जताई है कि नगर पालिका जनहित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगी, जिससे सफीगंज के लोगों को बेहतरी की सुविधा मिल सके।

Related Post