Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

चोरी की नीयत से क्वार्टर में घुसा युवक, भीड़ ने पकड़ पुलिस के हवाले किया

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास बुधवार दोपहर एक युवक चोरी करते पकड़ा गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की सक्रियता से आरोपी को भागने के बावजूद दबोच लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, क्वार्टर नंबर एफडी-1 के मालिक गौतम जब अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर एक युवक घुसने की कोशिश कर रहा है। मालिक को देखते ही युवक घबरा गया और भागने लगा। गौतम ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। आरोपी भागते-भागते एमजीएम अस्पताल परिसर में जा घुसा, जहां पहले से सतर्क लोगों ने उसे पकड़ लिया।

सूचना मिलते ही साकची थाना की पीसीआर वैन घटनास्थल पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पकड़ा गया आरोपी देवनगर निवासी करण बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ, जिससे उसकी मंशा स्पष्ट हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी इलाके में चोरी की नीयत से घूम रहा था। घर में घुसने की कोशिश के दौरान मालिक के अचानक पहुंच जाने से वह घबरा गया और फरार होने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश में है कि उसने कहीं और भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

Related Post