Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

गम्हरिया में गड्ढे से युवक का शव बरामद, हादसा या साजिश? पुलिस जांच में जुटी

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रामचंद्रपुर के पास एक गड्ढे में युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान चम्पाईडीह, पंचायत व पोस्ट बुरूडीह निवासी शोम हेंब्रम (25) के रूप में की गई है। अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और मृतक के घर में मातम का माहौल है।

परिजनों के अनुसार शोम हेंब्रम रविवार को अपनी बाइक से रापचा गांव फुटबॉल मैच देखने गया था। आशंका जताई जा रही है कि लौटते वक्त सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि, घटना की परिस्थितियाँ संदेह पैदा कर रही हैं और ग्रामीण किसी आपराधिक साजिश से भी इनकार नहीं कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों की सूचना पर गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और यदि हत्या की आशंका सही साबित होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और 5 वर्षीय बेटे के भविष्य को लेकर आसपास के लोगों में भी गहरी चिंता झलक रही है।

Related Post