Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

जुगसलाई में 12 लाख के रत्न चोरी का आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर।जुगसलाई चौक बाजार स्थित एक ऑप्टिकल्स एवं स्टोन्स की दुकान से तकरीबन 12 लाख रुपये मूल्य के कीमती रत्नों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान कर उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक का नाम अरबाज खान उर्फ चुआं है, जो जुगसलाई के पंछी मुहल्ला का रहने वाला है। घटना 29 नवंबर की सुबह 10:30 से 10:50 बजे के बीच हुई, जब दुकान मालिक करण सिंह कुछ देर के लिए शौचालय गए थे। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर रत्न लेकर चंपत हो गया।

दुकान में लगे कैमरों में आरोपी की हरकत कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। फुटेज देखकर मुखबिरों ने भी उसकी पुष्टि कर दी थी। वहीं, सोशल मीडिया पर चोरी की खबर और तस्वीर वायरल होने के बाद आरोपी के घरवालों को भी घटना की जानकारी हो गई थी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई पूरी कर ली है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में राहत का माहौल है।

Related Post