Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

खरकई पुल पर महिला से चेन लूटने वाला आरोपी 18 दिन बाद गिरफ्तार, सोने की चेन और बाइक बरामद

आदित्यपुर । सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित खरकई नदी पर बने नए पुल के पास 9 नवंबर को एक महिला से चेन छीनकर फरार हुए बाइक सवार आरोपी को पुलिस ने 18 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई जांच में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई सोने की चेन के साथ काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

मामले के अनुसार, जमरोदपुर की रहने वाली पीड़ित महिला अपने परिचित के साथ बाइक पर आदित्यपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान नए पुल को पार करते ही दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए और उसके गले से सोने की चेन झपट कर भाग निकले। महिला की शिकायत पर आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 344/25, दिनांक 09 नवंबर 2025 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान फुटेज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आजादनगर थाना क्षेत्र के प्रीनवैली रोड नंबर-17, क्रॉस रोड नंबर-4 स्थित घर में छापेमारी कर इस्माइल आलम उर्फ चोच को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और संभावित सहयोगियों की भी जांच चल रही है ताकि ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।

Related Post