Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

कोलकाता से इलाज कराकर रांची लौट रहे एक ही परिवार के तीन सदस्य सड़क दुघर्टना में गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-18 पर काली मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज में हुई टक्कर से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर सहायता के लिए पहुंच गए।

रांची के रहने वाले फरीन तालत (25), नौसीन तालत (23) और मुसरफ अहमद (25) अपने परिजनों के साथ कोलकाता में पिता का इलाज करवाने के बाद रांची वापस लौट रहे थे। परिजन एक एंबुलेंस और दो निजी वाहनों में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान काली मंदिर के पास उनकी हुंडई क्रेटा अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक टेलर में जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य में हाथ बंटाया और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

दुर्घटना की सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त क्रेटा कार को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post