Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

आजादनगर में चोरी का नाटक रचने वाला घर मालिक गिरफ्तार, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र में कथित चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि जिस व्यक्ति ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, उसी को इस मामले का असली आरोपी पाया गया। पुलिस ने आरोपी वकार अहमद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसके पास से करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने भी बरामद किए गए हैं।

कैसे हुआ मामला उजागर

पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में, सिटी एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ता वकार अहमद को संरक्षण में लेकर लगातार पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसके बयान में कई विरोधाभास सामने आए। गहन जांच में वकार का झूठ सामने आ गया।

तनाव में आकर खुद ही रची चोरी की कहानी

पूछताछ में वकार अहमद ने स्वीकार किया कि उसके घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी। इसी तनाव में उसने 22 तारीख की रात जब पूरा परिवार सो रहा था, तब स्वयं ही अलमारी से गहने निकाल लिए और सुबह परिवार व पुलिस को झांसा देने के लिए घर में चोरी होने की कहानी गढ़ दी। उसने बताया कि असल में घर में कोई बाहरी चोरी नहीं हुई थी, बल्कि यह पूरा षड्यंत्र उसने खुद रचा था।

क्या-क्या बरामद हुआ

पुलिस ने वकार अहमद के कब्जे से सोने की एक चेन, चार कानबाली और एक अंगूठी बरामद की है। बरामद गहनों की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

डीएसपी ने बताया कि यह मामला पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। टीम ने मात्र एक दिन के भीतर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई उजागर कर दी।

पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना से स्थानीय लोगों में भी आश्चर्य है कि अपनी आर्थिक परेशानी छिपाने के लिए व्यक्ति ने खुद ही अपने घर में चोरी का नाटक रच दिया।

Related Post