Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

कांड्रा में सड़क निर्माण सामग्री लदा हाईवा पलटा, पिता–पुत्री की मौत, पत्नी गंभीर

कांड्रा।सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। पालोबेड़ा के पास सड़क निर्माण कार्य में लगी लीडिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी का गिट्टी लदा हाईवा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि सड़क किनारे मौजूद एक ही परिवार के दो सदस्यों—37 वर्षीय बीरबल मुर्मू और उनकी ढाई वर्षीय बेटी अनुश्री—की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें कांड्रा पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हाईवा के पलटने की तेज आवाज और भयावह दृश्य ने आसपास के लोगों को दहला दिया। ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक पिता-पुत्री की जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलते ही कांड्रा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही और भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन को जिम्मेदार ठहराया है। गांव में आक्रोश फैल गया है और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने, चालक की लापरवाही की जांच कराने तथा सड़क पर भारी वाहनों के सुरक्षित संचालन की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक कंपनी जिम्मेदारी नहीं लेती, ऐसे हादसे दोबारा होने से रोके नहीं जा सकेंगे।

Related Post