Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

पेशकार बनकर किया धोखा, शादी पोर्टल के जरिए बनाई अश्लील वीडियो—जगन्नाथपुर पुलिस ने शातिर साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि shaadi.com पोर्टल के माध्यम से एक शातिर साइबर अपराधी ने उसका मोबाइल नंबर हासिल किया और खुद को धनबाद कोर्ट का पेशकार बताकर व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर उसका आपत्तिजनक वीडियो और फोटो तैयार कर लिया।

अभियुक्त की पहचान सौरभ गुप्ता उर्फ नंदन कुमार (उम्र 25 वर्ष), पिता स्व. रामजी साव, मूल निवासी पोडुल, थाना गोह, जिला औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सब स्टेशन कॉलोनी, कथारा नंबर-4, थाना गोमिया, जिला बोकारो में रह रहा था।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए करीब दो लाख रुपये की ठगी की। पीड़िता ने 21 नवंबर 2025 को जगन्नाथपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। केस को गंभीरता से लेते हुए थाना कांड संख्या 70/25 दर्ज किया गया, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराएं तथा आईटी एक्ट की धाराएं 66(C)(D)(A), 67 और 67A लगाई गईं। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को भी दी गई।

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ राफेल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर टीम ने बोकारो जिले के कथारा ओपी क्षेत्र से सौरभ गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान उसके मोबाइल फोन से नकली पहचान पत्र, कई महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो एवं फोटो, बड़ी संख्या में QR कोड और ऑनलाइन लेनदेन का रिकॉर्ड बरामद किया गया। पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो, फोटो और पैसे लेन-देन का विवरण भी उसके फोन से मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।

एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की साइबर ठगी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत जिला साइबर कंट्रोल रूम, टोल फ्री नंबर 1930 या 112 पर संपर्क करें और किसी अपरिचित व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें।

छापेमारी दल में जगन्नाथपुर थाना व तकनीकी शाखा के कुल नौ पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Post