Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

साकची के होटल में कोरल तस्करी का भंडाफोड़, वन विभाग ने चार तस्करों को दबोचा

जमशेदपुर।शहर में वन विभाग ने शनिवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए साकची क्षेत्र के होटल विराट में चल रहे कोरल तस्करी के अवैध धंधे का खुलासा किया। डीएफओ सबा आलम अंसारी की गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पश्चिमी सिंहभूम का रहने वाला है, जबकि बाकी तीन तस्कर रांची के बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने होटल विराट पर अचानक दबिश दी और कमरे की तलाशी के दौरान समुद्री जीव कोरल बरामद किया। इस दौरान हरी चरण गोप और प्रमोद कैबर्ता सहित चारों तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा गया। अन्य दो तस्करों की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है।

गिरफ्तार सभी आरोपियों को वन विभाग के कार्यालय ले जाया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच यह संकेत दे रही है कि कोरल की अवैध खरीद–फरोख्त के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के इस कारोबार की कड़ियां कहां जुड़ती हैं और कोरल की आपूर्ति कहां की जा रही थी—इस दिशा में जांच तेज कर दी गई है।

साकची जैसे व्यस्त इलाके में होटल को तस्करी का अड्डा बनाए जाने की घटना वन्यजीव अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाती है। समुद्री कोरल का अवैध व्यापार न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि समुद्री पारिस्थितिकी के लिए गंभीर खतरा भी है। जमशेदपुर में इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यह कार्रवाई वन विभाग की सक्रियता का प्रमाण मानी जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।

Related Post