Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

कांड्रा में विदेशी नकली शराब के तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, चार हिरासत में

कांड्रा:सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध विदेशी नकली शराब के तस्करी रैकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। बुधवार देर रात की गई इस छापामारी में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि तीन लग्जरी वाहनों को जब्त किया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय अवैध शराब कारोबार पर करारा प्रहार मानी जा रही है।

कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हैप्पी लकी ढाबा के पीछे, केसर के बगल में स्थित एक घर पर गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी नकली शराब मिली। बरामद की गई बोतलों पर यूके का लेबल चिपका हुआ था, जबकि शराब की पेटियां बिना किसी विवरण के प्लेन अवस्था में पाई गईं, जिससे तस्करी और नकली पैकिंग का संदेह और गहरा हो गया है।

पुलिस ने मौके से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही तीन महंगी गाड़ियां—इनोवा, स्कॉर्पियो और इंडिगो—को भी जब्त किया गया है, जिनके इस्तेमाल का शक इस अवैध कारोबार में जताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से विदेशी शराब की अवैध सप्लाई और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने यह सटीक और त्वरित कार्रवाई की।

छापामारी के बाद इलाके में शराब माफियाओं में खलबली मच गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली विदेशी शराब की यह खेप कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-सा संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। कांड्रा पुलिस की इस सफलता से अवैध शराब कारोबार में शामिल गिरोहों की कमर टूटी है और आगे भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Post