Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

पलामू पुलिस की बड़ी कामयाबी – 30 लाख रुपये के अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, बंगाल साइबर फ्रॉड का आरोपी भी निकला

पलामू:* जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने प्रेस बयान में इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन इलाके में एक कार से अफीम की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, जिसके दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी में कार सवार व्यक्ति के बैग से 6.523 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।

एसपी ने बताया कि एसीबी के अनुसार एक किलो अफीम की कीमत करीब पांच लाख रुपये होती है। इस तरह बरामद अफीम की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अभिषेक कुमार यह खेप पलामू-चतरा सीमा क्षेत्र से कई किश्तों में खरीदकर बाहर के तस्करों को डिलीवर करने वाला था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का अपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पश्चिम बंगाल के विधाननगर में हुए 18 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में आरोपी है, जहां उसने टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को ठगा था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अफीम को छह अलग-अलग पैकेटों में पैक कर रखा था। छापेमारी अभियान में डीएसपी राजीव रंजन, एसआई तंजीलुल मन्नान, टीओपी-1 प्रभारी इंद्रदेव पासवान, और अन्य अधिकारी जैसे एएसआई संदीप राम, अजय कुमार साहू, अजय सिंह, सुमित कुमार सहित कई जवान शामिल थे।

एसपी ने कहा कि पुलिस अब अफीम तस्करी और साइबर अपराध के नेटवर्क दोनों की गहन जांच में जुट गई है।

Related Post