जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात पुलिस की सतर्कता ने एक संभावित आपराधिक वारदात को होने से रोक दिया। रात करीब 11.10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास एक स्कूटी सवार युवक अवैध हथियार के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा है। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना में सनहा दर्ज किया गया और वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देशानुसार एक छापामारी दल गठित किया गया।
छापामारी दल जैसे ही गरीब नवाज कॉलोनी स्थित कब्रिस्तान के निकट पहुँचा, पुलिस गाड़ी देखकर स्कूटी सवार युवक घबराकर भागने लगा। तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी कर उसे स्कूटी सहित पकड़ लिया। तलाशी में युवक की दाहिनी कमर से एक देसी कट्टा मिला, जिसके चैंबर में एक जिंदा गोली लोड थी। आगे की तलाशी में उसकी पैंट के पॉकेट से एक जिंदा गोली, दूसरे पॉकेट से रियलमी कंपनी का स्मार्टफोन तथा स्कूटी की डिक्की से तीन जिंदा गोलियाँ बरामद हुईं।
अवैध हथियार बरामद होने के बाद युवक को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इस संबंध में जुगसलाई थाना कांड संख्या-120/25, दिनांक 15 नवंबर 2025, धारा 25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार युवक की पहचान मो. इकबाल (उम्र 21 वर्ष), पिता मो. मुस्तफा, निवासी—गरीब नवाज कॉलोनी, नियर कल्लू पान दुकान, जुगसलाई, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह वर्ष 2023 में दर्ज जुगसलाई थाना कांड संख्या-88/23 में भी आरोपित रह चुका है।
इस सफल कार्रवाई में छापामारी दल के सदस्य—पु.अ.नि. कृष्ण कुमार यादव, पु.अ.नि. सुमित लकड़ा, पु.अ.नि. गोपाल कुमार, पु.अ.नि. गौतम कुमार, पु.अ.नि. मुकेश कुमार साव, स.अ.नि. दूधनाथ राम, स.अ.नि. बिजेन्द्र सहनी तथा आ. 1265 कृष्ण कुमार रजक शामिल रहे।
शनिवार को पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क व संभावित मंशा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

