Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

गोविंदपुर में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े पर्स लूट, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला से पर्स छीनकर अपराधी भाग निकले । घटना अपना आंगन कॉलोनी में रहने वाली 73 वर्षीय रीता दत्ता के साथ घटी, जब वह बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही थीं।

जानकारी के अनुसार, रीता दत्ता दोपहर करीब 1:40 बजे बैंक ऑफ इंडिया की टेल्को शाखा से 52 हजार रुपये नकद निकालकर प्रज्ञा केंद्र जा रही थीं, ताकि अपना लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकें। जैसे ही वह पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांदा स्थित आवास के सामने पहुंचीं, तभी एक बाइक सवार युवक अचानक आया और झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया। पर्स में नकदी के अलावा उनका वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, सात चेक बुक और एक सैमसंग मोबाइल फोन भी था।

पीड़िता ने शोर मचाकर राहगीरों से मदद मांगी, लेकिन अपराधी मनपीटा की ओर भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Related Post