बोकारो:- बोकारो हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर सोमवार को दूसरे दिन भी प्रशासनिक और बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) प्रबंधन की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। टीम जब प्रस्तावित एयरपोर्ट क्षेत्र सेक्टर-12 के ढूंदीबाद इलाके में निरीक्षण के लिए पहुंची, तो स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
इससे पहले, शनिवार को इसी क्षेत्र में बीएसएल प्रबंधन और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर दर्जनों अवैध बूचड़खानों और झोपड़ियों को हटाया था। उस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। सोमवार को अधिकारियों के स्थल निरीक्षण के दौरान, स्थानीय लोगों ने अपने पुनर्वास की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।बीएसएल के सुरक्षा प्रभारी रिटायर्ड कर्नल राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना बोकारो के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे से सटे क्षेत्रों में अवैध रूप से बसे लोगों और बूचड़खानों को शीघ्र ही हटाया जाएगा, ताकि परियोजना में कोई बाधा न आए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध रूप से रह रहे लोगों के लिए किसी पुनर्वास योजना का प्रावधान नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास की गति को किसी भी कीमत पर धीमा नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन ने बोकारो एयरपोर्ट के विस्तार को समय पर पूरा करने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है।

