जमशेदपुर। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड ने सोमवार को जमशेदपुर में आयोजित एक समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों के लिए टाटा एसडी-1015 (4×4) फील्ड आर्टिलरी ट्रैक्टरों के प्रस्थान (फ्लैग-ऑफ) की घोषणा की। इस अवसर पर कंपनी ने यह बताया कि उसने समय पर इन महत्वपूर्ण रसद (लॉजिस्टिक) वाहनों की आपूर्ति सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इन वाहनों की तैनाती से भारतीय सेना की परिचालन क्षमता और सामरिक शक्ति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस समारोह में गुणवत्ता आश्वासन के महानिदेशालय (डीजीक्यूए), कोलकाता के वरिष्ठ गुणवत्ता आश्वासन अधिकारी (एसक्यूएओ), वाहन एवं उपकरण अभियंत्रण (एसक्यूएई वी एंड ईई) कार्यालय के श्री एम. बालशन्मुगम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इसके साथ ही टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स, टाटा मोटर्स और सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स द्वारा निर्मित ये चार पहिया फील्ड आर्टिलरी ट्रैक्टर भारतीय सेना के तोपखाने और रसद तंत्र को मजबूती प्रदान करेंगे। यह वाहन पूरी तरह से देश में डिजाइन और निर्मित किए गए हैं, जो आत्मनिर्भर भारत अभियान की भावना को सशक्त बनाते हैं।
इस उपलब्धि के साथ टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स ने रक्षा क्षेत्र में अपनी तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति की प्रतिबद्धता को एक बार फिर सिद्ध किया है।

