Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

बिरसानगर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने की हवाई फायरिंग

जमशेदपुर। शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कैनरा बैंक के पास स्थित टाटा कमिंस और टाटा मोटर्स के ठेकेदार एपी सिंह की कंपनी पीकेएस इंटरप्राइजेज के ऑफिस में तीन हथियारबंद बदमाश घुसे और बंदूक की नोक पर कर्मचारियों से लगभग 10 लाख रुपये लूट लिए।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे तीनों अपराधी बाइक से ऑफिस पहुंचे। उस समय ऑफिस में दो स्टाफ लेबर पेमेंट के लिए कैश की गिनती कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर बंदूक तान दी और कैश बैग छीन लिया। लूट के बाद अपराधियों ने मौके से भागते हुए हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिसमें तीनों बदमाश बाइक से फरार होते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।

इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई लूट पर पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Related Post