राजनगर।सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा बगराईसाई के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। हादसे के बाद घायल व्यक्ति सड़क पर ही पड़ा रहा, लेकिन अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। बताया जाता है कि घायल व्यक्ति पूरी रात सड़क किनारे तड़पता रहा, लेकिन मदद के अभाव में उसकी जान चली गई।
अगली सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब सड़क पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत राजनगर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी चंचल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजनगर के गमदेसाई गांव निवासी बड़ा राम मुर्मू उर्फ तुनू (40) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह सोहराय पर्व मनाने अपने ससुराल डांडू गांव गए थे और वहीं से देर रात अकेले पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनका पैर बुरी तरह कुचल गया था और आशंका है कि ठंड व अत्यधिक दर्द के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। पत्नी पानो मुर्मू मायके से भागकर मौके पर पहुंची और पति का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगी। परिवार के बच्चे भी बेसुध होकर विलाप करने लगे। बड़ा राम मुर्मू अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की है।

