Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

धतकीडीह तालाब में युवक की डूबने से मौत, परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग

जमशेदपुर। बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह तालाब में शुक्रवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय दीपक नाग के रूप में हुई है, जो धतकीडीह के मुखी बस्ती का निवासी था।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दीपक को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हालांकि दीपक तालाब में कैसे डूबा, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि दीपक मेहनत-मजदूरी करता था, किसी प्रकार का नशा नहीं करता था और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था।

घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। धतकीडीह मुखी समाज के महासचिव संजय कंसारी अस्पताल पहुंचे और प्रशासन व टाटा स्टील प्रबंधन से तालाब की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तालाब में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए यहाँ स्थायी रूप से गार्ड की नियुक्ति की जाए और चारों ओर सुरक्षा जाली लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Post