घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में शुक्रवार को आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने धालभूमगढ़ के चतरो और गुड़ाबांदा प्रखंड के सिंहपुरा फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा पर तीखा प्रहार किया।
सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो अंग्रेजों की “बांटो और राज करो” की नीति पर चल रही है, लेकिन जनता अब इस नीति को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि घाटशिला का यह उपचुनाव सिर्फ एक विधानसभा सीट का नहीं, बल्कि झारखंड की राजनीति की दिशा और दशा तय करने वाला महत्वपूर्ण जनादेश है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस उपचुनाव में एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को विजयी बनाएं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “पिछले छह वर्षों में सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। अब वक्त आ गया है कि जनता अपने वोट के जरिए इस निकम्मी सरकार को जवाब दे। यह चुनाव केवल एक प्रतिनिधि चुनने का नहीं, बल्कि राज्य की नीति और नीयत तय करने का चुनाव है।”
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब बदलाव के मूड में है और घाटशिला उपचुनाव का परिणाम पूरे राज्य के लिए एक बड़ा संदेश लेकर आएगा। महतो ने जोर देकर कहा कि आजसू पार्टी जनता के असली मुद्दों — गांव की जरूरतों, विकास, रोजगार और जनसेवा — को लेकर मैदान में है, जबकि मौजूदा सरकार जनता पर थोपे गए मुद्दों पर राजनीति कर रही है।
सुदेश महतो ने जनसभाओं के अलावा धालभूमगढ़ के मुरुडीह, बुराकाटी, जोलकाटा, भाकर समेत कई गांवों में भी प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय जनता ने उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया और समर्थन का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में चुनाव प्रभारी एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, सागेन हांसदा, जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, रांची जिप अध्यक्ष निर्मला भगत, फूल कुमारी देवी, सरिता देवी, बबिता देवी, सत्यनारायण महतो, संजय मेहता, राजेश महतो, नवीन महतो, टिकैत महतो, सपन सिंह देव, सचिन महतो और करण महतो समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

