Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

चक्रधरपुर में विदेशी शराब दुकान में बड़ी चोरी, छत काटकर नकदी और महंगी बोतलें ले उड़े चोर

चक्रधरपुर।पश्चिम सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर शहीद भगत सिंह चौक स्थित एक लाइसेंसी विदेशी शराब दुकान में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी के साथ-साथ लाखों रुपये की विदेशी शराब की बोतलें लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा गुरुवार की सुबह तब हुआ जब दुकान के कर्मचारी ने दुकान खोली।

चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के रांची–चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-75ई) पर स्थित उक्त दुकान में देर रात सेंधमारी की गई। चोरों ने बड़ी चालाकी से दुकान की छत के टिन शीट को काटकर भीतर प्रवेश किया और पहले कैश काउंटर को निशाना बनाया। उसके बाद उन्होंने शराब की महंगी बोतलें समेटीं और रात के अंधेरे में फरार हो गए।

सुबह जब सेल्समैन दुकान पर पहुंचा, तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। पूरी दुकान अस्त-व्यस्त थी, सामान बिखरा पड़ा था और नकदी गायब थी। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि दुकान की छत में बड़ा छेद कर चोरी की गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, हालांकि दुकान के बाहर लगा कैमरा खराब बताया जा रहा है, जिससे जांच में दिक्कतें आ रही हैं।

पुलिस का मानना है कि चोरी की वारदात पूरी योजना बनाकर की गई है। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। चोरी की कुल राशि और शराब की कीमत का आकलन किया जा रहा है, पर अनुमान लगाया जा रहा है कि नुकसान लाखों रुपये में है।

Related Post