Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

चाईबासा-राजनगर मार्ग पर बोलेरो और हाईवा की आमने-सामने टक्कर, दो लोग गंभीर घायल

राजनगर।सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर प्रखंड स्थित केसरगाड़िया के पास गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में बोलेरो और 12-चक्का हाईवा ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि हाईवा सड़क किनारे पलट गई। बोलेरो में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो चाईबासा की दिशा से राजनगर की ओर जा रही थी, वहीं हाईवा विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही थी। केसरगाड़िया के समीप दोनों वाहनों की इतनी जोरदार टक्कर हुई कि देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ-साथ दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। हादसा सुबह करीब 10 बजे का बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Related Post