Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सुभाष कॉलोनी में सांड का कहर: टहलने निकली 70 वर्षीय महिला की मौत, नगर निगम पर लापरवाही के आरोप

जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। उलीडीह थाना अंतर्गत सुभाष कॉलोनी में 70 वर्षीय सोमा सरकार की मौत एक बेकाबू सांड के हमले में हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल है।

सुबह की सैर बनी मौत की वजह

जानकारी के अनुसार, मृतका सोमा सरकार रोजाना की तरह अपने पति कुशल सरकार के साथ सुबह सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान एक पागल और उग्र सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड के सींगों से हुए हमले में सोमा सरकार गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

कुशल सरकार ने बताया

“हम दोनों रोज सुबह टहलने निकलते हैं। अचानक सांड सामने आया और पत्नी पर सीधा हमला कर दिया। इतना खतरनाक हमला मैंने कभी नहीं देखा।”

झूठी खबरों की वजह से गई जान — विकास सिंह

घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मृतका के घर पहुंचे और शोक जताया। उन्होंने नगर निगम और स्थानीय नेताओं पर झूठी और भ्रामक खबर फैलाने का आरोप लगाया।

विकास सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों में सांड को पकड़ लिए जाने की खबर प्रकाशित की गई थी, जबकि वास्तव में सांड अभी भी इलाके में घूम रहा था।

उन्होंने कहा —

“सस्ती लोकप्रियता और वाहवाही लूटने के चक्कर में अधिकारियों और नेताओं ने झूठी खबर फैलाई। इसी वजह से लोग निश्चिंत होकर बाहर निकले और सोमा सरकार की जान चली गई।”

स्थानीय लोगों में रोष, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद सुभाष कॉलोनी के लोग आक्रोशित हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और पशुपालन विभाग से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है ताकि इलाके में घूम रहे अन्य आवारा पशुओं को पकड़ा जा सके।

लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन समय रहते कदम उठाता तो यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा नहीं होता।

पुलिस ने शुरू की जांच

उलीडीह थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, नगर निगम अधिकारियों ने इलाके में सांड की तलाश तेज कर दी है।

Related Post