Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

जामताड़ा पुलिस की बड़ी सफलता: दो अपहृत युवक सकुशल बरामद, पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार — 50 लाख की फिरौती की थी मांग

जामताड़ा: पुलिस को करमाटांड़ थाना क्षेत्र में हुए दो अपहरण मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत दो युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है और घटना में शामिल पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आज़ाद अंसारी, श्री अंसारी, समद अंसारी, शिवलाल मरांडी और अब्दुल हबीब के रूप में हुई है। इनमें आज़ाद अंसारी देवघर जिले के मार्गो मुंडा का रहने वाला है जबकि श्री अंसारी गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक बोलेरो गाड़ी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। यह घटना करमाटांड़ थाना क्षेत्र के साइबर हब इलाके में हुई थी।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की मांग करते हुए दो युवकों का अपहरण किया था। इस घटना को लेकर 3 नवंबर को करमाटांड़ थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। जांच में पता चला कि गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा के अपराधियों का एक संगठित गिरोह इसमें शामिल था। पुलिस ने गिरिडीह पुलिस की मदद से गिरोह का भंडाफोड़ किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एक अपहृत युवक को धरमपुर में एक आदिवासी व्यक्ति के घर में बंधक बनाकर रखा गया था, जबकि दूसरे की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है। दोनों अपहृत युवक नाबालिग बताए जा रहे हैं।

अपराधियों ने परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी और फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि अपराधियों के इस गिरोह में कुल 16 लोग शामिल थे। बाकी की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि यह गिरोह फिरौती के लिए अपहरण और हत्या करने का काम करता है।

फिलहाल, जामताड़ा पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जामताड़ा जेल भेज दिया है।

Related Post