Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

जदयू और भाजपा कार्यकर्ताओं पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, कांग्रेस ने उपायुक्त से की कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर। मानगो प्रखंड कांग्रेस कमिटी ने उपायुक्त-सह-निर्वाची पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम को पत्र लिखकर जदयू और भाजपा कार्यकर्ताओं पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया है। प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर कुमार सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है, इसके बावजूद जदयू और भाजपा के कार्यकर्ता मानगो नगर निगम के पदाधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी सामग्री (बाल्टी) का वितरण कर रहे हैं।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह कार्य आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है और इसमें नगर निगम के अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। पत्र में कहा गया है कि जदयू और भाजपा नेताओं—पप्पू सिंह, विजय तिवारी, अजीत सिंह उर्फ जीतू प्रमार और बाला प्रसाद—द्वारा आम नागरिकों को सरकारी वस्तुओं का वितरण किया गया है।

कांग्रेस ने यह भी उल्लेख किया है कि इन कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो जदयू नेता अजीत कुमार सिंह के फेसबुक अकाउंट पर साझा किए गए हैं। इनमें सरकारी सामग्रियों का वितरण खुलेआम प्रचारित और प्रसारित किया गया है।

प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर कुमार सिंह ने मांग की है कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आदर्श आचार संहिता के दौरान सरकारी वस्तुओं का वितरण या आम नागरिकों को किसी भी प्रकार का लाभ पहुंचाना पूर्णतः निषिद्ध है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

गुरुवार को यह जानकारी कांग्रेस नेता ओमप्रकाश सिंह गुड्डू ने गुरुवार को दी।

Related Post