Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

रहस्यमयी हालात में युवक की मौत, आत्महत्या या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा: चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खप्परसाई गांव में मंगलवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान ताराचंद बालमुचू के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, बीते मंगलवार की रात करीब 9 बजे वह अपने घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजन रातभर उनकी तलाश में परेशान रहे। बुधवार की सुबह गांव के तालाब के पास ताराचंद का शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।

सुबह जब ग्रामीणों ने तालाब के पास ताराचंद बालमुचू का शव देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मुफस्सिल थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक की बड़ी बहन पिंकी बालमुचू ने बताया कि ताराचंद विवाहित थे। उनकी दो पत्नियाँ हैं, पहली पत्नी करीब आठ वर्ष पहले उनसे अलग रहने लगी थी, जबकि दूसरी पत्नी के साथ वह वर्तमान में रह रहे थे। पहली पत्नी से उन्हें दो पुत्र हैं जो उनके साथ ही रहते थे। परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था और किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं था।

पिंकी बालमुचू ने यह भी कहा कि उनके भाई का न तो किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी थी और न ही घर-परिवार में कोई विशेष कलह। ऐसे में उनकी आत्महत्या रहस्य बनी हुई है। घटना के पीछे के कारणों का अब तक कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है।

थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, परंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर ही वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सकेगा। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

गांव में इस घटना के बाद से शोक और सन्नाटा छाया हुआ है। स्थानीय लोग भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि खुशमिजाज और शांत स्वभाव के ताराचंद ने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Post