पाली। राजस्थान के पालि जिले के गुड़ा एंदला क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार युवक की जलकर मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क पर अचानक एक जानवर आ गया और स्कॉर्पियो चालक ने उसे बचाने के लिए ब्रेक लगा दिए। वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे मिनी ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।घटना सुबह करीब सात बजे ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-162 पर किरवा गांव के पास हुई। सूचना मिलने पर गुड़ा एंदला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।हादसे में मिनी ट्रक चालक रवि जाट (40), निवासी गोगामेड़ी, जिला हनुमानगढ़, घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में बांगड़ अस्पताल, पाली में भर्ती कराया गया है। ट्रक में उसके साथ भादरा निवासी साथी जगदीश भी मौजूद था, जिसने बताया कि वे पंजाब से मुंबई की ओर दवाइयों का माल लेकर जा रहे थे।पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार तेज थी और अचानक ब्रेक लगाने से वाहन का नियंत्रण खो गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कर दिया।
पाली जिले में दर्दनाक हादसा: जानवर से बचने के प्रयास में स्कॉर्पियो ट्रक से भिड़ी, युवक जिंदा जला

