अमरप्रीत सिंह काले ने कहा – ईमानदारी से कर्म करो, बांटकर खाओ, यही गुरु महाराज का संदेश है
जमशेदपुर: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जमशेदपुर में बुधवार को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में हजारों श्रद्धालुओं ने इस पवित्र यात्रा में भाग लिया। शहर की गलियाँ “सतनाम वाहेगुरु” और “जो बोले सो निहाल” के जयकारों से गूंज उठीं।
इस अवसर पर झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले ने भी हर वर्ष की तरह नगर कीर्तन में शामिल होकर श्रद्धा, भक्ति और समर्पण भाव से गुरु नानक देव जी के उपदेशों को स्मरण किया।
श्री काले ने कहा, “ईश्वर के गुण गाओ, ईमानदारी से कर्म करो और बांटकर खाओ — यही गुरु नानक देव जी का अमूल्य संदेश है।” उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता, समानता, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि जात–पात और ऊँच–नीच के भेदभाव को समाप्त कर सभी का सम्मान करना ही गुरु महाराज जी के संदेश का मूल तत्व है।
काले ने गुरु परंपरा के तीन मूल सिद्धांतों — “नाम जपो, किरत करो और वंड छको” — का उल्लेख करते हुए कहा कि यही जीवन दर्शन समाज में सकारात्मक परिवर्तन की आधारशिला है।
नगर कीर्तन के दौरान सुसज्जित झाँकियाँ, गुरुवाणी की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु नगर भ्रमण करते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का प्रसार करते रहे।
इस आयोजन में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक समिति, सभी गुरुद्वारा कमेटियाँ, स्त्री सत्संग सभा, सेंट्रल सिख नौजवान सभा, विभिन्न विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं प्रशासनिक तंत्र का सराहनीय सहयोग रहा।
सभी के सामूहिक प्रयास से यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य रूप में संपन्न हुआ।

