Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

बिलासपुर में भीषण रेल हादसा, पैसेंजर और मालगाड़ी की सीधी टक्कर में 6 की मौत, कई घायल

छत्तीसगढ़ । बिलासपुर जिले में मंगलवार की शाम एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। बिलासपुर–कटनी रेलखंड पर लाल खदान स्टेशन के पास एक पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी में आमने-सामने टक्कर हो गई। यह दुर्घटना शाम लगभग चार बजे के करीब हुई, जब कोरबा पैसेंजर ट्रेन विपरीत दिशा से आ रही एक खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि पैसेंजर ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और कुछ डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए। हादसे के कारण ओवरहेड तार और सिग्नलिंग सिस्टम भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। बचाव दल, आरपीएफ और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, अब तक छह यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रेलवे ने हादसे के तुरंत बाद राहत कार्य के लिए सभी संसाधन झोंक दिए हैं। इमरजेंसी मेडिकल टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। हादसे के कारण बिलासपुर–कटनी मार्ग पर कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ को अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।

रेल मंत्रालय ने इस दुर्घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है, जो हादसे के कारणों और जिम्मेदारियों का पता लगाएगी। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घायलों के इलाज और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

यह रेल हादसा प्रदेश में रेलवे सुरक्षा और सिग्नलिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यात्रियों में इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।

Related Post