जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के ट्यूलाडूंगरी इलाके में जेंट्स ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे ने एक बार फिर से सर उठाना शुरू कर दिया है। क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक छोटे-छोटे पार्लर इस अवैध गतिविधि में शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये पार्लर खुलेआम अनैतिक कार्यों का अड्डा बन चुके हैं, जिससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है।
पिछले महीने जब इस बात की जानकारी क्षेत्र की महिलाओं को मिली, तो उन्होंने एकजुट होकर इन संदिग्ध पार्लरों पर छापामार कार्रवाई की थी। महिलाओं की इस मुहिम में गोलमुरी थाना पुलिस ने भी साथ दिया था और सभी संदिग्ध दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया था। उस समय लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन कुछ ही सप्ताह बाद यह अवैध कारोबार फिर से शुरू हो गया।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि पार्लर संचालक काफी दबंग प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने विरोध करने वाली महिलाओं को धमकाना शुरू कर दिया है और दोबारा से इन पार्लरों को खोलकर पुरानी गतिविधियां शुरू कर दी हैं। इससे नाराज होकर क्षेत्र की महिलाएं मंगलवार को फिर गोलमुरी थाना पहुंचीं और स्थायी कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे सभी संदिग्ध पार्लरों की जांच कर उन्हें स्थायी रूप से बंद कराया जाए और संचालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल नैतिकता का नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा और समाज की मर्यादा से भी जुड़ा है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से अपेक्षा जताई है कि ऐसे अवैध धंधों पर लगातार निगरानी रखी जाए और समय-समय पर छापामारी अभियान चलाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों को जड़ से खत्म किया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, ट्यूलाडूंगरी में इस तरह के कई पार्लर बिना किसी लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि शिकायतों की जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

