जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा में रविवार देर रात लगी आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देर रात लगभग 11 बजे ओला सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी एक कार से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में पास में खड़ी कई अन्य गाड़ियां भी आग की लपटों में घिर गईं।
भीषण लपटों को देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और स्थानीय नागरिकों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही दमकल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा तथा अंततः आग पर नियंत्रण पाया गया।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि ओला सर्विस सेंटर के मालिक तापस दास ने कंपनी की मिलीभगत से वन विभाग की जमीन और सड़क किनारे की जगह को अवैध रूप से पार्किंग स्थल बना रखा है। इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन वन विभाग और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
निवासियों ने बताया कि पार्किंग स्थल के ठीक सामने एक ट्रांसफार्मर भी लगा है। यदि आग वहां तक पहुंचती, तो बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी। लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए अवैध पार्किंग को तत्काल हटाने, वन भूमि को कब्जा मुक्त करने और आगजनी की घटना की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

